Ganesh Chaturthi 2026: बारिश ने किया बप्पा का स्वागत, घर-घर विराजे गणपति, शुरू हुई गणेशोत्सव की धूम
G
Good Vibes India September 14, 20265:22 pm31 views
Udaipur Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी पर बारिश के बीच उदयपुर में घर-घर गणपति विराजे। बोहरा गणेश मंदिर में स्वर्ण शृंगार हुआ और शहरभर में भव्य पंडाल सजे।
जीवीआई नेटवर्क। गणपति बप्पा के आगमन के साथ ही सोमवार को उदयपुर में गणेश चतुर्थी 2026 का उत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ। खास बात यह रही कि बप्पा के स्वागत के लिए मेघ भी बरसे। बारिश के बीच शहर में घर-घर और पंडालों में शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों से शहर गूंज उठा। सुबह से ही उदयपुर के प्रमुख गणेश मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक अब शहर में दस दिन गणेशोत्सव की धूम रहेगी।
बोहरा गणेश मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
उदयपुर के प्रसिद्ध बोहरा गणेशजी मंदिर में गणेश चतुर्थी पर विशेष आयोजन हुआ। रविवार रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए थे। सोमवार को भगवान गणेश को स्वर्ण आंगी धारण कराकर स्वर्ण आभूषणों से विशेष शृंगार किया गया। बप्पा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
मंदिर परिसर से बोहरा गणेश चौराहे तक विशेष पांडाल और सजावट की गई। सड़क के दोनों ओर विद्युत सज्जा की गई थी। गणेश चतुर्थी के मेले को लेकर मंदिर से बोहरा गणेश चौराहा होते हुए प्रतापनगर की ओर करीब 200 मीटर क्षेत्र में दुकानें भी लगाई गईं। इससे पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा। इसके अलावा शहर के मावा गणेश, पाला गणेश, जाड़ा गणेश आदि गणेश मंदिरों में भी दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
शहरभर में सजे गणपति पंडाल
Udaipur Ganesh Festival 2026 को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आकर्षक गणपति पंडाल सजाए गए हैं। न्यू मेवाड़ मित्र मंडल के मन्नत वाले राजा के प्रथम दर्शन सोमवार को हुए। मंडल की गणेश प्रतिमा मुंबई के लालबाग परेल वर्कशॉप से लाई गई है। प्रतिमा के स्वागत के लिए धानमंडी हॉस्पिटल और सेन भवन के सामने स्थित आयोजन स्थल से करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में दिवाली की तर्ज पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई।
वहीं भोईवाड़ा में भोईवाड़ा चा राजा की विधिवत स्थापना सोमवार शाम को हुई। इस बार बप्पा का गोवर्धन लीला रूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। बापूबाजार में उदयपुर चा राजा के साथ ही सूरजपोल, धानमंडी, भोपालवाड़ी, अशोकनगर, भूपालपुरा, हिरण मगरी और गवरी चौक सहित शहर के कई इलाकों में गणपति पंडाल सजाए गए हैं।
Share
G
Written by
Good Vibes India
The Good Vibes India editorial team — positive news, ground reports and people's stories from Udaipur and Rajasthan.
पितृपक्ष 2026 की शुरुआत 26 सितंबर को पूर्णिमा श्राद्ध के साथ हुई। जानिए 27 सितंबर से 10 अक्टूबर तक श्राद्ध की पूरी तिथियां, पितृ तर्पण और सर्वपितृ अमावस्या का महत्व।
उदयपुर की चर्चिका सोनी ने Underground Village का अनूठा कॉन्सेप्ट तैयार किया है। अहमदाबाद की नेशनल यूनिवर्सिटी की स्पेस डिजाइन छात्रा ने आपात स्थिति में सुरक्षित और सामान्य जीवन के लिए भूमिगत आवासीय समुदाय की कल्पना की है।