राजस्थान में बिना इंटरव्यू सरकारी स्कूल में शिक्षक बनने का मौका, मिलेगी 30 हजार तक सैलरी; जानें योग्यता और आवेदन की तारीख
Rajasthan Vidya Sambal Yojana 2026 के दूसरे चरण में नगरीय क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी नियुक्त होंगे। आवेदन 23 नवंबर से शुरू होंगे। चयन मेरिट के आधार पर होगा और अधिकतम मानदेय 30 हजार रुपए प्रतिमाह मिलेगा।
GVI NETWORK. राजस्थान के सरकारी स्कूलों में प्राध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा विभाग ने Rajasthan Vidya Sambal Yojana 2026 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस चरण में केवल नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी की अस्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। पंचायती राज चुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता के कारण ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों को फिलहाल इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
11वीं-12वीं के लिए गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति
योजना के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विभिन्न विषयों में रिक्त प्राध्यापक पदों पर नियुक्तियां होंगी। संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले निजी अभ्यर्थियों के साथ 65 वर्ष तक की आयु के सेवानिवृत्त शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे।
इंटरव्यू नहीं, मेरिट से होगा चयन
गेस्ट फैकल्टी का चयन साक्षात्कार के बजाय शैक्षणिक योग्यता के आधार पर होगा। वरीयता सूची तैयार करने में शैक्षणिक योग्यता को 75 प्रतिशत और प्रशैक्षणिक योग्यता जैसे बीएड को 25 प्रतिशत अंकभार दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 400 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से मानदेय मिलेगा। अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।
विद्या संबल योजना 2026: आवेदन और चयन का शेड्यूल
| प्रक्रिया | निर्धारित तारीख |
|---|---|
| रिक्त पदों का विज्ञापन | 21 नवंबर 2026 |
| आवेदन जमा करने की अवधि | 23 से 25 नवंबर |
| प्राप्त आवेदनों की सूची | 26 नवंबर |
| अस्थायी वरीयता सूची व आपत्तियां | 27 और 28 नवंबर |
| अंतिम वरीयता सूची | 30 नवंबर |
| नियुक्ति आदेश | 4 दिसंबर 2026 |
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन फॉर्म भरकर संबंधित स्कूल के प्राचार्य या यूसीईईओ के पास स्वयं उपस्थित होकर जमा कराना होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और दो राजपत्रित अधिकारियों की ओर से जारी चरित्र प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन 25 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक जमा किए जा सकेंगे।
31 मार्च 2027 तक ही रहेगी नियुक्ति
यह नियुक्ति अस्थायी आधार पर 31 मार्च 2027 तक अथवा नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। इस सेवा के आधार पर अभ्यर्थी भविष्य में नियमित नियुक्ति का दावा नहीं कर सकेंगे। अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में अध्यापन के लिए अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण होने संबंधी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता की शर्त भी लागू होगी।