Udaipur Tales 2027 में आएंगे काजोल और पंकज त्रिपाठी, जनवरी में इस तारीख से होगा International Story Telling Festival
उदयपुर में 8 से 10 जनवरी तक उदयपुर टेल्स इंटरनेशनल स्टोरीटेलिंग फेस्टिवल का आठवां संस्करण आयोजित होगा। पंकज त्रिपाठी, काजोल और देश-विदेश के कई नामचीन कलाकार किस्सागोई के जरिए अपने अनुभव साझा करेंगे।
GVI NETWORK. झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर कहानियों, किस्सों और यादों की दुनिया में खोने के लिए तैयार है। मौखिक किस्सागोई की परंपरा को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला तीन दिवसीय Udaipur Tales International Story Telling Festival का आठवां संस्करण 8 से 10 जनवरी, 2027 तक आयोजित होगा। इस बार महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी, अभिनेत्री काजोल सहित सिनेमा, साहित्य, कला और सैन्य जगत की कई जानी-मानी हस्तियां अपनी कहानियों और अनुभवों से श्रोताओं को रूबरू कराएंगी।
उदयपुर टेल्स की सह-संस्थापक सुष्मिता सिंघा ने बताया कि इस संस्करण में पंकज त्रिपाठी, काजोल देवगन, मीता वशिष्ठ, आकाश खुराना, लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. सिंह (सेवानिवृत्त), दिव्य निधि शर्मा, वलेंटीना त्रिवेदी, मधुर शर्मा, आर्थी मुथन्ना, हिमांशु बाजपेयी, चिन्मयी त्रिपाठी, पृथ्वीराज चौधरी, अनीशा मोटवानी, जयश्री और सिमरन नागवानी सहित कई कलाकार और वक्ता शामिल होंगे।
महोत्सव का खास आकर्षण कैरेबियाई किस्सागो बैडेन प्रिंस होंगे, जो पहली बार भारत में प्रस्तुति देंगे। वे बच्चों और बड़ों के लिए विशेष स्टोरीटेलिंग सत्र आयोजित करेंगे।
सेंट्रल जेल के बंदी भी मंच पर सुनाएंगे अपनी कहानियां
इस बार महोत्सव की खासियत इसकी समावेशी सोच होगी। उदयपुर टेल्स इंटरनेशनल के सलिल भंडारी ने बताया कि उदयपुर सेंट्रल जेल के बंदी भी कलाकारों के रूप में मंच साझा करेंगे। वे अपनी जीवन यात्रा से जुड़ी कहानियां और संगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा दृष्टिबाधित विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। सत्रों के दौरान सांकेतिक भाषा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ‘जमघट’ नाम से ओपन माइक सत्र और बच्चों के लिए स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, कहानी कहने की कला में लंबे समय से योगदान देने वाले दो विशिष्ट किस्सागो को ‘मास्टर स्टोरीटेलर्स’ सम्मान से नवाजा जाएगा।

read more : Rashmika-Vijay के बाद Udaipur में होगी इस साउथ स्टार की डेस्टिनेशन वेडिंग, हैदराबाद में हुई सगाई
एआई के दौर में आमने-सामने बैठकर कहानियां सुनने का अनुभव
सुष्मिता सिंघा ने कहा कि तकनीक और एआई के दौर में कहानियां कहने और सुनने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन किसी के सामने बैठकर उसकी आवाज में कहानी सुनने का अनुभव आज भी खास है। इसी आत्मीयता को बनाए रखने के लिए वयस्कों के सत्रों में श्रोताओं की संख्या 350 से 400 तक सीमित रखी गई है।
महोत्सव में रोमांस, दास्तानगोई, इतिहास, रहस्य, हॉरर, थ्रिलर और लोककथाओं सहित विभिन्न शैलियों की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन किस्सागोई की परंपरा, कला और आधुनिक दौर के कहानी कहने के अंदाज को एक मंच पर लाएगा।